भिंड शहर में सोमवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बीटीआई रोड पर उस समय हुई, जब तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक की पहचान संतोष नरवरिया पुत्र जबर सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी विजयगढ़, गोरमी क्षेत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार संतोष किसी काम से भिंड शहर आया हुआ था और सोमवार शाम को बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान बीटीआई रोड पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन और जेब में रखे दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित पीएम हाउस भेज दिया है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी पीएम हाउस पहुंचने लगे हैं। ट्रक चालक मौके से फरार घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, हादसे के बाद बीटीआई रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर भारी वाहनों की तेज गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


