भिंड में तापमान में हल्की तेजी दर्ज:दिनभर धूप खिली रहेगी, शाम को सर्द हवा दस्तक देगी

भिंड जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। बीते दो दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप राहत जरूर दे रही है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली 3 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं दोपहर और शाम को फिर ठंड का एहसास कराने लगी हैं। अब तक रात के समय चलने वाली ये हवाएं दिन में भी दस्तक दे रही हैं, जिससे दिन का पारा भी नीचे आने लगा है। शनिवार की तुलना में रविवार को जिले के तापमान में हल्की तेजी देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भिंड का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो रविवार सुबह बढ़कर 11 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह अधिकतम तापमान भी 23 डिग्री से बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में हल्के बादल छाने से न्यूनतम तापमान में मामूली उछाल जरूर दिखा, लेकिन दिन में खुली धूप ने लोगों को ठंड से राहत दी। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में तापमान में फिर गिरावट आएगी और सर्द हवाओं का असर बढ़ेगा। धूप भले ही दिनभर राहत दे, लेकिन सूरज ढलते ही ठिठुरन फिर बढ़ने लगेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि रात होते ही ओस जमने लगती है, जिससे ठंड और तेज महसूस होती है। चिकित्सक और मौसम विशेषज्ञ सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं। खासतौर से बाइक सवारों और यात्रा पर निकलने वालों को दिन में भी जैकेट, मफलर और ग्लव्स साथ रखने की चेतावनी दी गई है। धूप के बावजूद उत्तर-पश्चिमी हवाएं पूरे जिले में शीतलहर जैसे हालात बना रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *