भिंड में पिता ने बेटी को गोली मारकर हत्या की:शादी के बाद प्रेमी के साथ भागी थी; आरोपी बोला- बदनामी हुई, इसलिए मार दिया

भिंड में पिता ने 21 साल की बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। कट्टे से उसके सीने में फायर किया। युवती की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। इसके कुछ दिन बाद ही वह प्रेमी के साथ भाग गई थी। इसी से नाराज होकर पिता ने बेटी को मौत के घाट उतार। घटना मेहगांव थाना क्षेत्र के खिरिया थापक गांव की है। मंगलवार शाम को मुन्नेश धानुक ने बेटी निधि को गोली मार दी थी। युवती की मां ने पुलिस को इसकी सूचना दी। बुधवार सुबह पुलिस ने एक खेत से शव बरामद किया। पुलिस ने आरोपी पिता मुन्नेश को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने कहा- बदनामी हो रही थी, इसलिए मार दिया। 11 दिसंबर को हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, खिरिया थापक गांव की रहने वाली निधि धानुक (21) की शादी 11 दिसंबर को ग्वालियर के गुड़ागुडी का नाका निवासी देवू धानुक से हुई थी। 28 दिसंबर को वह पति के साथ ग्वालियर के महाराज बाड़ा गई थी। यहां 5 हजार रुपए की शॉपिंग करने के बाद उसने पति से पानी मांगा। पति पानी लेने गया, तभी वह गायब हो गई। इसके बाद ससुराल और मायके पक्ष ने उसकी काफी तलाश की। पिता से मिलने गई थी निधि
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम को निधि अपने पिता मुन्नेश से मिल आई थी। पिता उसे बहला-फुसलाकर गांव ले आया। रात में वह बेटी को गांव के बाहर सरसों के खेत में ले गया और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस बात की जानकारी निधि की मां पूजा ने पुलिस को दी, जिसके बाद बुधवार को पुलिस मौके पर पहुंची। रिश्ते में चाचा लगता है प्रेमी
ग्रामीणों के मुताबिक, निधि का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था, जो रिश्ते में उसका चाचा लगता था। बताया जाता है कि गायब होने के बाद लड़की खुद ग्वालियर कोतवाली पुलिस के सामने पेश हुई थी और खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी। ग्रामीणों का कहना है कि लोक-लाज के डर से पिता ने बेटी की हत्या कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही
मेहगांव एसडीओपी संजय कोच्छा ने कहा कि खिरिया थापक गांव में एक व्यक्ति ने अपनी विवाहिता बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हत्या की असली वजह की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *