भिंड में सराफा व्यापारी के बेटे पर फायरिंग:जान बचाने पूर्व सरपंच के घर में घुसा; बदमाशों ने पीछे से बरसाई गोलियां

भिंड के आर्यनगर इलाके में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक निकालने के विवाद में दो युवकों ने सराफा व्यापारी के पुत्र पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर कट्टे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी के दौरान युवक ने एक घर में शरण ली, लेकिन आरोपी वहां भी गोलियां चलाते हुए पहुंच गए। घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन व्यापारी ने 22 ग्राम सोने की जंजीर लूटने का आरोप लगाया है। घटना आर्यनगर की सरकारी उच्चतर क्रमांक दो स्कूल के पास बुधवार शाम की है। आर्यनगर की बौहरे गली में रहने वाले सराफा व्यापारी के पुत्र 18 वर्षीय अंकित सोनी बाजार से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गली में सामने से आ रहे दो युवकों से बाइक निकालने को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि बदमाशों ने अंकित की बाइक की तोड़फोड़ शुरू कर दी और फिर कट्टे निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। पूर्व सरपंच के घर में घुसकर की फायरिंग जान बचाने के लिए अंकित गली में रहने वाले पूर्व सरपंच नरसिंह नरवरिया के घर में घुस गए। लेकिन बदमाश वहां भी नहीं रुके और घर के अंदर घुसकर फायरिंग की। सरपंच के परिजनों के कमरे से बाहर आने पर आरोपी मौके से भाग गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सोने की चेन लूटने का आरोप फरियादी अंकित ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी और आर्यनगर गली नंबर छह के निवासी धीरज शर्मा पर फायरिंग और 22 ग्राम सोने की जंजीर लूटने का आरोप लगाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *