भिंड में सुबह से खिली धूप, आसमान साफ:रात का पारा 1 डिग्री गिरा, लुढ़ककर 9 डिग्री पहुंचा; उत्तर-पूर्वी हवाएं बढ़ा रही ठंडक

भिंड में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रविवार को जहां जिले में घना कोहरा छाया था, वहीं सोमवार सुबह मौसम बिल्कुल साफ रहा और हल्की धूप खिली। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट आई है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार के मुकाबले 1 डिग्री कम है। रविवार सुबह करीब 9 बजे तक घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम थी, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा था। शाम से ही सर्द हवाएं चलने लगी थीं, जिससे रात में ठंड बढ़ गई थी। सोमवार सुबह हवा चलने से कोहरा छंट गया और धूप निकल आई। धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। कई लोग धूप सेकते नजर आए, वहीं बच्चे मैदानों में क्रिकेट खेलते दिखे। उत्तर-पूर्वी हवाओं से बनी है ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रविवार को यह 10 डिग्री था। रविवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा, वहीं आज (सोमवार) इसके 24 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। सुबह से ही उत्तर-पूर्वी दिशा से हल्की हवाएं चल रही हैं, जिससे वातावरण में नमी और ठंडक बनी हुई है। 4-5 डिग्री तापमान हुआ तो फसलों को होगा फायदा
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा मौसम फसलों के लिए अनुकूल है। उनका कहना है कि जैसे-जैसे तापमान गिरकर 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचेगा, फसलों के उत्पादन के लिए परिस्थितियां और बेहतर होंगी। किसान भी तापमान में गिरावट और अच्छी धूप का इंतजार कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *