भिंड में सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लोगों के रास्ते बंद करने के खिलाफ लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी (LSP) ने शनिवार को धनवंतरी कॉम्प्लेक्स में धरना प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक रघु ठाकुर ने आंदोलन को संबोधित करते कहा कि अब बोलने का नहीं, अन्याय के खिलाफ खड़े होने का समय है। इस मौके पर धरने के बाद तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने प्रशासन से कहा कि जो ताकतवर लोग सरकारी भूमि पर कब्ज़ा कर आम रास्ते रोक रहे हैं, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। 20 गांवों के लोग पहुंचे, रास्ते बंद होने की पीड़ा साझा की
कुरथरा और आसपास के करीब 20 गांवों के ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर बताया कि अतिक्रमण से उनका रोज का आना-जाना बाधित है। बरुआ नगर की महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं। ठाकुर ने कहा कि यदि प्रशासन ने रास्ते नहीं खुलवाए तो यह लड़ाई भोपाल तक जाएगी। गोहद क्षेत्र में हाल की भारी बारिश से फसलें चौपट होने पर ठाकुर ने कहा कि प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 10-10 हजार रुपए की फौरी राहत तुरंत दी जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा, किसान कैसे खड़ा होगा… बेसली बांध पर सरकार को घेरा
ठाकुर ने कहा कि बेसली बांध किसानों पर बोझ बन गया है। नहर अधूरी है, खेतों को पानी नहीं मिल रहा, और जिनकी जमीनें डूबीं, उन्हें हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी मुआवज़ा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरकार जनधन की बर्बादी पर जवाब दे। फोरलेन को लेकर आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने ग्वालियर– भिंड– इटावा फोरलेन और भिंड– महोबा रेल लाइन के मुद्दे उठाए। कहा कि हादसे बढ़ रहे हैं, गोमाताएं मर रही हैं। फोरलेन और रेल लाइन के निर्माण में देरी जनता के साथ अन्याय है। जल्द काम शुरू न हुआ तो पार्टी दिल्ली में धरना देगी। कार्यक्रम के अंत में हाल में सड़क हादसों के मृतक और गोमाताओं को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।


