भिलाई के विवेकानंद नगर में रहने वाले शराब कारोबारी के घर हुई 34 लाख रुपए से अधिक की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इतनी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम भिलाई के शातिर चोर ने अपने दोस्त के साथ दिया है। चोरी के बाद पूरे जेवरात उसने अपनी मां के पास छिपाने के लिए दिए थे। दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विवेकानंद नगर निवासी संजय सिंह शराब कारोबारी हैं। वो किसी काम से बाहर गए थे। इधर चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर 34 लाख रुपए से अधिक की चोरी कर ली। इस मामले का पता लगाने के लिए उन्होंने पहले दिन से ही साइबर सेल की टीम के साथ साथ कई थानों की पुलिस को मिलाकर कई टीमें गठित की। सभी टीमें अलग-अलग एंगल से मामले की पड़ताल में लगीं। पुलिस ने घटना के दौरान 23 से 28 दिसंबर के बीच सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एसीसीयू प्रभारी तापेश नेताम, और गुरविंदर सिंह चौकी प्रभारी स्मृति नगर के नेतृत्व में एसीसीयू और चौकी स्मृतिनगर की एक संयुक्त टीम ने घटना स्थल से फींगरप्रिंट लिया। डॉग स्क्वायड की टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज से मिला क्लू सीसीटीवी फुटेज का जब बारीकी से अवलोकन किया गया तो 26 व 27 दिसंबर की दरम्यानी रात दो अज्ञात संदेहियों को घर के अंदर प्रवेश करते और बाहर निकलते देखा गया। टीम ने त्रिनयन एप के माध्यम से आसपास के क्षेत्र में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। इसके बाद चोरों के आने-जाने के रास्ते को सर्च किया। फुटेज के आधार पर जब पूछताछ की गई तो आरोपी की पहचान राहुल बंसोड़ के रूप में हुई। मां के पास छिपाकर रखा था चोरी के जेवर पुलिस राहुल बंसोड़ को हिरासत में लेकर थाने लाई। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी प्रदीप कुमार के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद वहां से बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के जेवरात लेकर निकले। राहुल ने चोरी के जेवरात को अपनी मां दिया तो उसने उसे घर में गाड़कर रख दिया था। वहीं जो नकदी रकम मिली उसे दोनों आरोपियों ने खर्च कर दिया। 34 लाख रुपए से अधिक के जेवर जब्त पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उनके पास से 34 लाख रुपए से ज्यादा के जेवर और अन्य सामान जब्त किए। आरोपी ने पुलिस पर लगाए परेशान करने के आरोप आरोपी राहुल इतना शातिर है कि वो पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए पुलिस के ऊपर जबरदस्ती परेशान करने का आरोप लगा चुका है। उसकी मां भी बेटे का इस काम में साथ देती हैं। राहुल वैशाली नगर क्षेत्र में लगे रिलायंस टावर में चढ़कर जान देने की धमकी भी दे चुका है। उसका कहना था कि पुलिस उसे जबरदस्ती परेशान कर रही है, इसलिए वो टॉवर में चढ़ा है। पुलिस के मुताबिक राहुल के खिलाफ 4 से ज्यादा चोरी के मामले दर्ज हैं।


