फर्जी आईपीएस बनकर थाने में रौब झाड़ने पहुंचे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी थाने का है। आरोपी युवक की पहचान सौरभ कुमार निवासी बागपत (यूपी) हाल निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया-शुक्रवार की रात 9:30 बजे एक युवक स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर थाने पहुंचा। गेट पर खड़े संतरी को उसने बताया कि उसका नाम सौरभ कुमार है। वह आईपीएस अधिकारी है। SPG (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) में तैनात AIG रैंक पर है। युवक ने स्टाफ से कहा कि वह स्पेशल मिशन पर है, उसे रात में रुकने के लिए होटल में कमरा चाहिए। शक होने पर पुलिस ने शुरू की पूछताछ
थाना अधिकारी ने बताया-सौरभ कुमार एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से थाने आया था। जिस पर पुलिस लिखा हुआ था। गेट पर मौजूद संतरी ने मुझे सूचना दी। मैने जाकर जब सौरभ कुमार से बातचीत की संदेह हुआ। इसके बाद उसे केबिन में बिठाकर बाहर जाकर तहकीकात शुरू की। 30 मिनट तक युवक को एक केबिन में ही बिठाकर रखा। नकली आईडी कार्ड दिखाया
सचिन कुमार ने बताया-जांच में पता लगा कि इस नाम कोई आईपीएस नहीं है। इस पर केबिन में आकर उससे आईडी कार्ड मांगा। सौरभ कुमार ने एक फर्जी आईडी कार्ड दिखाया। जिस पर एसपीजी, एआईजी लिखा था जो कि पूरी तरह से नकली था। आईपीएस को मिलने वाली सुविधा और प्रोटोकॉल के बारे में पता था
पुलिस ने बताया-सौरभ कुमार को हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि आईपीएस अधिकारियों को मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और अन्य विशेषाधिकारों की जानकारी थी। इसी का गलत फायदा उठाकर उसने फर्जी IPS कार्ड बनवाया और अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी पर ‘पुलिस’ लिखवाकर विभिन्न इलाकों में खुद को बड़ा अधिकारी बताकर धाक जमाई। उसने कई जगहों पर IPS बनकर विशेष सुविधाएं भी हासिल की थीं। युवक को किया गिरफ्तार
भिवाड़ी एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया-सौरभ कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर फर्जी डॉक्यूमेंट और गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। युवक से एक डमी वॉकी टॉकी, पासपोर्ट और बैंक पासबुक भी बरामद की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने और किन-किन जगहों पर यह फर्जीवाड़ा किया और क्या इसमें कोई बड़ा नेटवर्क शामिल है। सौरभ कुमार पेशे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह उत्तरप्रदेश के बागपत का रहने वाला है। फिलहाल वह दिल्ली में रहता है। …. यह भी पढ़ें एडीजी बनकर घूम रहे युवक को पकड़ा:गाड़ी पर नीली बत्ती और 3 स्टार लगे थे, पुलिस ने रोका तो रौब झाड़ने लगा धौलपुर में बुधवार को फर्जी एडीजी बनकर घूम रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसकी कार पर नीली बत्ती और तीन स्टार लगे हुए थे। गाड़ी पर गवर्नमेंट ऑफ इंडिया भी लिखा था। वह वर्दी में गाड़ी चला रहा था। यह देखकर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने गाड़ी रुकवाई तो आरोपी ने रौब जमाना शुरू कर दिया। झूठ सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)


