भिवाड़ी में शुक्रवार को रीको थाने के पास रीको चिल्ड्रन पार्क में एक मजदूर का शव मिला, जिसके सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। मृतक की पहचान बिहार के बेलहरगंज निवासी निरंजन साह (50) के रूप में हुई, जो भिवाड़ी की एक निजी कंपनी में काम करता था। थाना अधिकारी देवेंद्र प्रसाद शर्मा के अनुसार, दोपहर लगभग 3 बजे पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के पास से उसका मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान में मदद मिली। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी और शव सौंपा जाएगा। सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।


