जालंधर | बाल भीख मांगने रोकू टास्क फोर्स द्वारा बीएमसी चौक, गुरु नानक मिशन चौक और मॉडल टाउन में छापेमारी करते हुए भीख मांगती एक बच्ची को रेस्क्यू किया गया। जिला प्रोग्राम अधिकारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि डायरेक्टर सोशल सिक्योरिटी और डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल की निर्देशों पर शहर से बाल भीख मांगने को रोकने के लिए टास्क फोर्स द्वारा छापेमारी की जा रही है। विभिन्न टीमों द्वारा आम लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें बच्चों के अधिकारों, शिक्षा की महत्ता और बच्चों के साथ हो रहे अपराधों के बारे में, बाल मजदूरी, बाल भीख मांगने, बच्चों के साथ छेड़छाड़ और जेंडर शोषण जैसी बुराइयों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी को बाल भीख मांगने, किसी भी मुसीबत में फंसे बच्चे के बारे में जानकारी मिले, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल करें।


