सिटी एंकर रांची में कोरोना संक्रमण के अभी तक तीन मामले सामने आ चुके हैं। इसमें महाराष्ट्र से रांची आए एक संक्रमित मरीज की रिपोर्ट गुरुवार को निगेटिव आ गई है। फिल्म निर्माता निर्देशक लाल विजय शाहदेव को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। जबकि, एक मरीज घर में क्वारेंटाइन हैं और दूसरा अस्पताल में इलाजरत है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने आम लोगों से संक्रमण से बचने की अपील की है। डीसी ने भीड़-भाड़ वाली जगह पर मास्क पहनने की सलाह दी है। उन्होंने आईसीएमआर कोविड नेशनल टास्क फोर्स के दिशा-निर्देश के तहत हल्के लक्षण वाले मरीजों को घर पर ही आइसोलेट रहने का निर्देश दिया है। वहीं नाक बहने, गले में खराश, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखने पर मास्क पहनने का निर्देश दिया है, ताकि संक्रमण का विस्तार न हो। यदि आपको फ्लू का कोई लक्षण है, सांस लेने में तकलीफ हो आैर ऑक्सीजन लेवल 93 प्रतिशत से नीचे आ जाए, तेज बुखार आैर पांच दिनों से अधिक समय तक खांसी हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने के लिए कहा गया है, ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके। मरीजों को संक्रमण का स्पष्ट संकेत न हो तब तक एंटीबायोटिक्स का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। डीसी ने सदर अस्पताल व रिम्स प्रबंधन को कोरोना जांच की तैयारी करने का निर्देश दिया है। 60 वर्ष से अधिक उम्र और वैक्सीन नहीं लेेने वाले रहें सतर्कप्रशासन ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोग या हृदय रोग, मधुमेह, कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली,तपेदिक, फेफड़े, लीवर व किडनी की बीमारी से पीड़ित लोग या कोविड का टीका नहीं लगाने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इधर, सुखद संकेत… कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए किसी पर प्रभाव नहीं महाराष्ट्र से आए संक्रमित मरीज लाल विजय शाहदेव ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कहा कि आज मैं अस्पताल से पूरी तरह स्वस्थ होकर बाहर आ गया हूं। कोविड की चपेट में आने के बाद अब मेरी तबीयत बिल्कुल ठीक है। मेरी ताजा जांच रिपोर्ट भी कोविड नेगेटिव आई है। दरअसल, इस समय जो वेरिएंट फैला हुआ है, वह पहले की तरह घातक नहीं है। ऐसे में घबरा कर अस्पताल में भर्ती होना आवश्यक नहीं लगता। उन्होंने कहा है कि कोरोना से अब डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना आज भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि मेरे संपर्क में आए किसी भी व्यक्ति पर अब तक कोविड का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।


