भीलवाड़ा में एक गत्ता फैक्ट्री में आज सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में रखा बड़ी मात्रा में माल जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की एक के बाद एक तीन गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में लगी हैं। लेकिन आग हवा के झौकों के साथ फैलती जा रही है। ग्रामीण फायर ब्रिगेड के साथ ही अपने स्तर पर आग पर काबू पाने में लगे हैं। मामला सदर थाना क्षेत्र के पालड़ी गांव का है। यहां अरविंद अजमेर की गत्ता फैक्ट्री में आज सुबह अचानक आग लग गई। फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें देख ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया । सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की एक के बाद एक तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सदर थाना पुलिस भी मौके पर है ग्रामीण अपने स्तर पर भी आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन आग लगातार हवा के झौकों के साथ बढ़ती जा रही है। गत्ता फैक्ट्री में आग लगने से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में लगी हैं।


