राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा का शुक्रवार से शुरू हो गई है। जो 20 जनवरी तक चलेगी। पहले दिन परीक्षा एक ही पारी में आयोजित की जा रही है। इस दौरान बच्चियों की कानों की बालियां कैंची से काट कर एंट्री दी गई। भीलवाड़ा जिले में बनाए गए 31 परीक्षा केंद्रों पर 9240 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 12.30 बजे तक चलेगी। प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर सख्त व्यवस्थाएं की गई हैं। केंद्रों के बाहर लगी लंबी कतारें परीक्षा से पहले सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर स्टूडेंट्स की लंबी लाइनें नजर आईं। अभ्यर्थी तय समय से कम से कम दो घंटे पहले केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए, इसके बाद किसी को भी एंट्री नहीं दी गई। 31 परीक्षा केंद्रों पर कराया जा रहा आयोजन भीलवाड़ा जिले में तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए कुल 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन एक पारी में परीक्षा हो रही है, जबकि शेष तीन दिन परीक्षा दोनों पारियों में आयोजित की जाएगी। बायोमेट्रिक जांच के बाद मिली एंट्री अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। भीलवाड़ा में चित्तौड़गढ़, राजसमंद और ब्यावर जिले से बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स परीक्षा देने पहुंचे हैं। ड्रेस कोड और जांच के सख्त निर्देश पुरुष अभ्यर्थियों को शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा या पैंट पहनने की अनुमति दी गई। महिला अभ्यर्थी सलवार-सूट, साड़ी, कुर्ता या साधारण शर्ट में परीक्षा देने पहुंचीं। बालों में केवल साधारण रबर बैंड की अनुमति थी। सर्दी को देखते हुए कोट और स्वेटर पहनने की छूट दी गई, लेकिन उन्हें उतारकर चेकिंग की गई। फोटोयुक्त पहचान जरूरी, हर अभ्यर्थी की रिकॉर्डिंग परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड या अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया गया। पहचान की पुष्टि आधार के माध्यम से की गई। हर केंडिडेट के फोटो और वीडियो भी लिए गए। परीक्षा के बाद बुकलेट और कार्बन कॉपी ले जाने की अनुमति बोर्ड की ओर से अभ्यर्थियों को परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्न पत्र की बुकलेट और ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी अपने साथ ले जाने की अनुमति दी गई है। चार दिन में 36 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा चार दिन तक चलने वाली इस परीक्षा में भीलवाड़ा जिले में चित्तौड़गढ़ से करीब 36 हजार 146 और राजसमंद व ब्यावर जिले से लगभग 11 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। भर्ती परीक्षा का पूरा शेड्यूल 17 जनवरी को लेवल प्रथम सामान्य की परीक्षा होगी। 18 जनवरी को लेवल द्वितीय की परीक्षा में सुबह साइंस-मैथ्स और शाम को सोशल स्टडी होगी। 19 जनवरी को लेवल द्वितीय में सुबह हिंदी और शाम को अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 20 जनवरी को लेवल प्रथम और लेवल द्वितीय की संस्कृत विषय की परीक्षा कराई जाएगी।


