भीलवाड़ा में तेज रफ्तार कार ने एक मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे से मोपेड सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग घायल को हॉस्पिटल ले गए। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
मामला भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र का है। कस्बे में रहने वाले सोहनलाल (71) पुत्र कजोड़ आचार्य सोमवार रात अपनी टीवीएस मोपेड से भीलवाड़ा से अपने घर पुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाथी भाटा आश्रम के निकट एक तेज रफ्तार कार ने आचार्य की मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। वहां मौजूद लोग आचार्य को इलाज के लिए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने घायल आचार्य को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मंगलवार को परिजन की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाने बाद शव उन्हें सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की रिपोर्ट पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


