भीलवाड़ा के चतरपुरा एक गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर करीब आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया गया। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। चौपाल में बुलाया ओर घर जाते समय मारपीट मामला मांडल थाना क्षेत्र के चतरपुरा गांव का है,परिजनों के अनुसार पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग समाज के एक युवक और युवती बिना बताए घर से चले गए थे। इस बात को लेकर एक समाज के लोगों ने लड़के के परिजनों को चौपाल में बुलाकर घटना की जानकारी दी।परिजनों का आरोप है कि जब वे वहां से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में करीब एक दर्जन लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठियों-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित परिवार दहशत में पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि हमलावर यहीं नहीं रुके, बल्कि उनके घर पहुंचकर दीवारों तक तोड़ डाली और घरेलू सामान में भी तोड़फोड़ की।घटना के बाद से परिवार दहशत में है।पीड़ित पक्ष ने पुलिस में रिपोर्ट देकर करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मारपीट, घर में अनधिकृत प्रवेश और तोड़फोड़ के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट में फिलहाल दो आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। हमले में ये हुए घायल घायलों में गीता देवी पत्नी नानूराम (70 वर्ष), महावीर पुत्र केसर सिंह (30 वर्ष), लादी देवी पत्नी जगदीश (50 वर्ष), सीमा (23 वर्ष), जगदीश (55 वर्ष) तथा ज्योति (13 माह) शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है मांडल थाना प्रभारी रोहिताश्व यादव ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। क्रेडिट: जितेंद्र सिंह गौड़, मांडल


