भीलवाड़ा जिले की भीमगंज थाना पुलिस ने बाइक चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होना सामने आया है। ये था मामला भीमगंज थाना प्रभारी सुनीलकुमार चौधरी ने बताया कि 18 दिसंबर को जूनावास निवासी धीरज सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि उसके घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और लोकल पुलिसिंग से खुलासा पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर संदिग्धों की पहचान की। इसके साथ ही लोकल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बाइक चोरी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। इन आरोपियों को किया गिरफ्तार भीमगंज थाना पुलिस ने मोहम्मद हफीज पुत्र अब्दुल सत्तार अंसारी, निवासी पुरानी धानमंडी, बबलू उर्फ टीपू पुत्र अब्दुल कलाम सिलावट, निवासी तेजाजी चौक को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी मोहम्मद हफीज के खिलाफ कोतवाली और भीमगंज सहित शहर के अन्य थानों में चोरी, मारपीट और गंभीर धाराओं में पहले से कई प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से डिटेल पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।


