भीलवाड़ा में जैन समाज के आचार्य शांति सागर शताब्दी समारोह के तहत धार्मिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज की उपस्थिति में अहमदाबाद के कलोल निवासी दीक्षार्थी अवनीश जैन को छुल्लक दीक्षा प्रदान की गई। उनका नामकरण छुल्लक 105 शील सागर रखा गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और दीक्षा समारोह को ऐतिहासिक बनाने में सहयोग किया। भव्य शोभायात्रा निकलेगी समाज प्रवक्ता पवन कंटान और विकास जागीरदार ने बताया – शताब्दी समारोह के तहत शुक्रवार सुबह 7 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा अहिंसा सर्किल महावीर जिनालय से रवाना होकर घंटाघर, सुभाष बाजार, पांच बत्ती, काफला बाजार, नोशे मियां का पुल, बड़ा कुआं, जैन नसिया होते हुए आर.एन. फार्म हाउस पहुंचेगी। शोभायात्रा में परंपरा और भव्यता की झलक देखने को मिलेगी। सबसे आगे चार बुलेट गाड़ियां होंगी, इसके बाद घोड़े, ऊंट, हाथी, ढोल-लवाजमा, सरताज बैंड, शिवम बैंड और भारत बैंड आकर्षण का केंद्र रहेंगे। विभिन्न महिला मंडलों की झांकियां, सेविका दल, गरबा थीम, माता-पिता की प्रस्तुति और मूर्ति रथ भी शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा के बाद भूमि शुद्धि, ध्वज वंदन और अन्य मांगलिक क्रियाएं होंगी। धार्मिक आयोजन सुबह 10:45 बजे आचार्य संघ की आहार चर्या होगी। दोपहर 1:30 बजे इंद्र प्रतिष्ठा का आयोजन होगा, जिसमें 125 इंद्रो द्वारा आचार्य शांति सागर मंडल विधान होगा। शाम 7:30 बजे आरती और विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गायक कलाकार राजीव विजयवर्गीय, आस्था जैन और देवेंद्र पंवार प्रस्तुति देंगे। 4 अक्टूबर का कार्यक्रम शनिवार सुबह नित्य महाभिषेक और आचार्य संघ की आहार चर्या होगी। दोपहर 1:30 बजे विनयांजलि सभा और उसके बाद सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।


