सूरजपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और जिले से आए हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी पिछली सरकार ने पांच सालों में 95 नई विकास योजनाओं के माध्यम से नवा छत्तीसगढ़ गढ़ा था। लेकिन वर्तमान सरकार उन योजनाओं को बंद करने में लगी है। चारों ओर अराजकता का माहौल है, रोजगार और भर्तियां बंद हैं। सभी विभागों में गड़बड़ी फैली हुई है। सभी वर्ग आंदोलन के रास्ते पर पूर्व सीएम ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी, महिलाएं, युवा, मजदूर और किसान सभी आंदोलन के रास्ते पर हैं। आज लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है और कांग्रेस पार्टी इसे अपने तरीके से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि गरीब, व्यापारी, महिला, युवा, किसान और मजदूर हर वर्ग के साथ कांग्रेस खड़ी है। भाजपा सरकार पर तीखा हमला उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने स्कूल खोले थे, जिन्हें अब बंद किया जा रहा है। गौठान खोले गए, जिन्हें बंद कर दिया गया। रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार उन्हें खत्म करने में लगी है। मजदूरों को काम नहीं मिल रहा और मनरेगा को भी षड्यंत्रपूर्वक बंद किया जा रहा है। कांग्रेस की विचारधारा पर जोर भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी से पहले भी देश के निर्माण के लिए लड़ी थी और आज जब अत्याचार और अराजकता का माहौल है, तब भी संघर्ष कर रही है। अलग-अलग विभागों में हो रही गड़बड़ियों और कई मामलों को लेकर उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा। किसानों और निजीकरण का मुद्दा उठाया उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज किसान धान बेचने के लिए मंडियों और केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं। साथ ही निजीकरण को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्हें कटघरे में खड़ा किया। कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह को याद किया और मंच से पूर्व विधायकों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से जिलाध्यक्ष शशि सिंह को सहयोग देने और कांग्रेस को मजबूत करने का आह्वान किया। आदिवासी समाज ने किया पारंपरिक स्वागत सम्मेलन के दौरान जिले के आदिवासी समाज ने पारंपरिक वेशभूषा में तीर-धनुष से भूपेश बघेल का सम्मान करते हुए आदिवासी परंपरा के अनुसार उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के पदाधिकारी और कांग्रेस संगठन के आदिवासी नेता उपस्थित रहे। जल्द बनेगा जिले का राजीव भवन जिलाध्यक्ष शशि सिंह के आह्वान पर भूपेश बघेल ने कहा कि सूरजपुर जिले में जल्द ही राजीव भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन निर्माण की आधी राशि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से और आधी राशि स्थानीय सहयोग निधि से जुटाई जाएगी। उन्होंने स्वयं एक लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की और कांग्रेस नेता सुनील अग्रवाल को राजीव भवन निर्माण समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया।


