भूपेश, बैज को दोबारा अध्यक्ष नहीं बनने देंगे-अजय चंद्राकर:कांग्रेस ने कहा– अपनी सरकार की नाकामियों से ध्यान भटका रहे

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को दोबारा इस पद पर नहीं आने देंगे। अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस में इस समय सबसे बड़े और प्रभावशाली नेता भूपेश बघेल हैं और उनसे ठीक एक कदम नीचे उनके करीबी और शिष्य माने जाने वाले देवेंद्र यादव हैं। चंद्राकर के मुताबिक, यही दोनों नेता मिलकर दीपक बैज को रिपीट नहीं होने देंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने ‘ढाई का पहाड़ा’ अच्छे से पढ़ लिया है, इसलिए पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर पहले ही गणित बैठा लिया गया है। कांग्रेस नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को मिली हवा पिछले कुछ समय से छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल और आगामी रणनीति को लेकर अंदरूनी स्तर पर मंथन की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच अजय चंद्राकर का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस का पलटवार, कहा- भाजपा सरकार की नाकामियों से परेशान हैं चंद्राकर अजय चंद्राकर के बयान पर कांग्रेस की ओर से कड़ा पलटवार किया गया है। पार्टी प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि चंद्राकर अपनी ही सरकार के कामकाज से असहज हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों को लेकर जनता में नाराजगी है, और खुद चंद्राकर कई बार इन नाकामियों पर सवाल उठा चुके हैं। धनंजय ठाकुर ने कहा कि भाजपा नेता सरकार बदलने की बात तो नहीं कर पा रहे, इसलिए कांग्रेस के आंतरिक मामलों में दखल देकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संगठन से जुड़े फैसले पार्टी नेतृत्व और आलाकमान के स्तर पर लिए जाते हैं, न कि भाजपा के बयानों से तय होते हैं। सियासी बयानबाजी तेज, संगठन पर टिकी नजर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को लेकर और बयानबाजी तेज हो सकती है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और भाजपा की बयानबाजी से संगठन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *