पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने कहा कि, ननों की गिरफ्तारी के मामले में भाजपा का दोहरापन पूरी तरह उजागर हो गया है। बजरंग दल के दबाव में पुलिस ने धर्मांतरण और मानव तस्करी का झूठा मामला दर्ज किया, लेकिन NIA की अदालत में मामला टिक नहीं पाया और ननों को ज़मानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि, भाजपा को सोशल मीडिया पर फैलाई गई झूठी अफवाहें हटानी पड़ीं। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को ननों से माफी मांगनी पड़ी। अब तस्वीरें सामने आ रही हैं, जहां केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर पादरियों के साथ केक काटते दिख रहे हैं। कह रहे हैं कि केरल भाजपा के दखल से रिहाई हुई है। बघेल ने कहा कि भाजपा को अब समझ में आ जाना चाहिए कि अल्पसंख्यकों को दबाने और नफरत की राजनीति अब नहीं चलेगी। भाजपा सरकार का जनविरोधी फैसला- भूपेश बघेल 400 यूनिट बिजली बिल माफी योजना में कटौती को लेकर पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि, 400 यूनिट तक की बिजली बिल हाफ योजना को 100 यूनिट तक सीमित करना जनता के साथ धोखा किया गया है। यदि किसी उपभोक्ता की खपत 100 यूनिट से 1 यूनिट भी अधिक हुई, तो पूरे बिल की वसूली होगी। इस निर्णय से लगभग 50 लाख उपभोक्ता प्रभावित होंगे। भूपेश बघेल ने बताया कि यह योजना 2019 में कांग्रेस सरकार ने लागू की थी, जिससे 53 लाख उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। लेकिन अब भाजपा सरकार गरीबी रेखा से ऊपर के सभी उपभोक्ताओं को पूरा बिल भरने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महतारी वंदन योजना के लिए फंड जुटाने के नाम पर सरकार शराब दुकानें बढ़ा रही है। 10,000 से अधिक स्कूल बंद कर रही है जनता पर नए बोझ लादने की तैयारी में है। केते एक्सटेंशन की अनुमति को हमारी सरकार ने रोका था- भूपेश भूपेश बघेल ने जंगलों में पेड़ों की कटाई के मामले में भाजपा को घेरा और कहा कि, सरकार ने केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक में जंगल काटने की अनुमति दे दी है, जो 99% घना वन क्षेत्र है। बघेल ने कहा कि हमारी सरकार ने इस अनुमति को रोका था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे आगे बढ़ाया आगे बढ़ाया। बघेल ने कहा कोल ब्लॉक राजस्थान की विद्युत कंपनी के पास है,आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान की जरूरत पहले से चालू पीईकेबी खदान से पूरी हो सकती है, लेकिन अतिरिक्त कोयला निकालने के लिए अनावश्यक रूप से जंगलों की कटाई की जा रही है। बघेल ने कहा कि जब राजस्थान की विद्युत कंपनी के पास कोयले के पूर्ती पुराने खदान से हो रही है तो बाकी का कोयला कहां जा रहा है।


