सवाई माधोपुर के बालेर-करणपुर सड़क मार्ग के पास झोपड़ी बस स्टैंड के पास बाड़े में वन्यजीवों ने 66 भेड़ बकरियों पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। वहीं पीड़ित पशुपालकों के आंखों से आंसू झलक उठे। जिसे भी इस घटना की जानकारी मिली मौके पर दौड़ा चला आया। इलाके में लगातार बना हुआ वन्यजीवों का मूवमेंट ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों खेतों में खड़ी फसलों में लगातार हिंसक वन्यजीवों का मूवमेंट चल रहा है। जिसके चलते वन्यजीव खेतों से आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार सुबह पशुपालक भेड़ बकरियों के बाड़े में गए तब घटना की जानकारी मिली। बाड़े में मृत व घायल भेड़ बकरियों को देखकर पशुपालकों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी आग की तरह फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन विभाग को देकर अवगत कराया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम में मौका मुआयना किया। इस दौरान पशुपालक हरिकेश व बाबूलाल गुर्जर के बाड़े में एवं आसपास लगभग 66 भेड़ बकरियां मृत पाई गई। वन विभाग की टीम के राजेश जाट, रामवीर गुर्जर, कमलेश लूना, हरी वीर चौधरी, विनय कुमार,महेन्द्र कुमार मीना ने घटनाओं स्थल के आसपास से पगमार्क जुटाएं। आसपास खेतों में व सड़क के किनारे भेड़ियों के पगमार्क मिले। यहां मौके पर ही वेटरनरी ऑफिसर की टीम ने मृत भेड़ बकरियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार की गई। जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक, वन विभाग व प्रशासन से गरीब बीपीएल पशुपालकों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इनपुट-हल्कू गुर्जर बालेर।


