बूंदी के भेरूपुरा ओझा में ग्राम सेवा सहकारी समिति परिसर में उचित मूल्य दुकान का शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार की सहकारिता को सशक्त बनाने की पहल के तहत समिति को राशन सामग्री वितरण के लिए यह दुकान आवंटित की गई है। शुभारंभ से पहले विधिवत पूजा-अर्चना की गई। यह कार्यक्रम समिति अध्यक्ष पवन बैरागी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें उपाध्यक्ष श्रीमती संजू बाई मीणा, समिति संचालक हनुमान बैरागी, चेतराम मीणा, हेमराज सैनी, रामदयाल कारपेंटर, प्रेम बाई सैनी, जगदीश शर्मा, महावीर मेघवाल, रामबाबू सैनी, आनंदीलाल सैनी और राकेश सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे। समिति अध्यक्ष पवन बैरागी ने इस अवसर पर कहा कि उचित मूल्य दुकान के संचालन से ग्रामीणों को राशन सामग्री पारदर्शी, समयबद्ध और सुलभ तरीके से मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि इससे सहकारी समिति की भूमिका मजबूत होगी और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का सीधा फायदा प्राप्त होगा। शुभारंभ के बाद समिति के संचालक मंडल की बैठक भी हुई। इस बैठक में समिति के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनका मुख्य उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को अधिकतम फायदा पहुंचाना है। समिति आने वाले समय में कृषि, उपभोक्ता हित और ग्रामीण विकास से जुड़े अन्य कार्यों को भी प्राथमिकता देगी। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों और मौजूद ग्रामीणजनों के सहयोग एवं सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।


