हैदराबाद में संपन्न हुए आईएमए के राष्ट्रीय अधिवेशन में भोपाल के डॉ. कुलदीप गुप्ता और इंदौर के डॉ. यश तलेरा को आईएमए जेडीएन नेशनल चेयरमैन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पहली बार है, जब मध्य प्रदेश के दो चिकित्सकों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुरस्कार प्राप्त करने पर डॉ. कुलदीप गुप्ता ने सभी आईएमए जेडीएन अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने मध्य प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी बनाने के लिए प्रयास करने का संकल्प भी लिया। इससे पहले, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की मध्य प्रदेश जूनियर डॉक्टर नेटवर्क की नई कार्यकारिणी में डॉ. कुलदीप गुप्ता को महासचिव और डॉ. यश तलेरा को कोऑर्डिनेटर के रूप में निर्वाचित किया गया था। डॉ. कुलदीप गुप्ता जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।


