भोपाल के पीएम श्री केवी-3 में वार्षिक खेलकूद समारोह:पर्वतारोही भगवान सिंह कुशवाहा शामिल हुए; कहा- खेल अनुशासन, टीम वर्क और आत्मविश्वास सिखाता

भोपाल के दानिश नगर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 में बुधवार को वार्षिक खेल-कूद समारोह बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही स्कूल परिसर में बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों की चहल-पहल रही। रंग-बिरंगे हाउस झंडे, मार्च-पास्ट और विद्यार्थियों का जोश पूरे माहौल को जीवंत बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पर्वतारोही और विक्रम पुरस्कार से सम्मानित भगवान सिंह कुशवाहा ने ध्वजारोहण कर किया। उनके साथ सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त डॉ. एस.एन. शर्मा और स्कूल के प्राचार्य जीतेन्द्र सिंह रावत मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने मार्च-पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। भगवान सिंह कुशवाहा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल-कूद से सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व भी मजबूत होता है। खेल अनुशासन, धैर्य, टीम वर्क और आत्मविश्वास सिखाते हैं, जो जीवन में बहुत काम आते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत-हार से ज्यादा जरूरी प्रयास और भागीदारी होती है। प्राचार्य जीतेन्द्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी बराबर महत्व देता है। उन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थी हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता रखते हैं। साथ ही उन्होंने शिक्षकों, खेल विभाग और अभिभावकों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। दिनभर चली प्रतियोगिताओं में 100 मीटर, 200 मीटर, 4×100 रिले रेस सहित कई खेलों का आयोजन हुआ। प्राथमिक से लेकर वरिष्ठ वर्ग तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मार्च-पास्ट, खेल नृत्य, रोप स्किपिंग, बॉक्सिंग प्रदर्शन और विशेष बच्चों की रेस कार्यक्रम के खास आकर्षण रहे, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। प्रतिस्पर्धा के बाद अशोक सदन ने सर्वश्रेष्ठ सदन की ट्रॉफी अपने नाम की। रमन सदन दूसरे और शिवाजी सदन तीसरे स्थान पर रहा। विजेता विद्यार्थियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *