भोपाल जेडी-डीईओ ने जारी किए शिक्षकों की क्रमोन्नति के आदेश:3000 शिक्षकों को मिलेगा लाभ, वेतन में 3 से 5 हजार रुपए की वृद्धि

भोपाल में पदस्थ प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों का छह साल का इंतजार समाप्त हुआ। संभागीय संयुक्त संचालक (जेडी) लोक शिक्षण एवं जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने प्रथम और द्वितीय क्रमोन्नति वेतनमान के आदेश जारी कर दिए हैं। इससे भोपाल में पदस्थ शिक्षकों में से 3000 के वेतन में प्रति माह 3 से 5 हजार रुपए की वृद्धि हो गई है। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, जेडी और डीईओ भोपाल का आभार व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने साल 2018 में अध्यापकों को नियमित करने के लिए नवीन शिक्षक संवर्ग का गठन किया है। इसमें साल 1996 से अब तक नियुक्त सभी शिक्षकों को समाहित किया गया है। इनमें से हजारों शिक्षकों की 12 साल की सेवा साल 2018 में ही पूरी हो चुकी थी। शिक्षक तभी से क्रमोन्नति वेतनमान देने की मांग कर रहे थे। विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने इस मांग को जोरशोर से उठाया। मप्र शिक्षक संघ ने स्कूल शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से बात की। इसके बाद विभाग ने क्रमोन्नति देने के आदेश जारी किए थे। दो दिन पहले जेडी भोपाल संभाग अरविंद चोरगड़े और डीईओ नरेंद्र कुमार अहिरवार ने आदेश जारी कर दिए। राठौर ने बताया कि उच्च माध्यमिक शिक्षकों के भी आदेश इसी सप्ताह में जारी होने की उम्मीद है। शिक्षकों ने भी मप्र शिक्षक संघ का आभार व्यक्त किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *