बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और युवाओं के दिलों की धड़कन मोहित चौहान भोपाल पहुंच चुके हैं। आज दोपहर करीब 3 बजे उनकी फ्लाइट राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड हुई। वजह है AIIMS भोपाल के एनुअल कल्चरल फेस्ट “RETINA” में उनकी बहुप्रतीक्षित परफॉर्मेंस। मोहित चौहान को लाइव सुनने के लिए छात्र सुबह से ही उत्साहित नजर आए। उनके आगमन के साथ ही एम्स कैंपस का माहौल और अधिक जोशीला हो गया है। संगीत प्रेमियों के लिए आज की शाम बेहद खास रहने वाली है। हर दिन के साथ बढ़ रहा फेस्ट का क्रेज
AIIMS भोपाल में चल रहा वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव RETINA इस साल अपने भव्य स्वरूप के कारण चर्चा में है। पहले ही दिन फैशन शो और डीजे नाइट ने छात्रों में जबरदस्त ऊर्जा भर दी थी। दूसरे दिन आदित्य रिखारी की सोलफुल परफॉर्मेंस ने माहौल को रोमांटिक बना दिया। फिर तीसरे दिन कॉमेडियन जाकिर खान के किस्सों ने लोगों को इतना हंसाया कि उनके पेट में दर्द हो गया। अब शनिवार की शाम को होने वाली मोहित चौहान की एंट्री ने उत्साह को और ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। एम्स के छात्र मोहित चौहान की परफॉर्मेंस को लेकर खासे उत्साहित हैं। कई छात्र सुबह से ही ग्राउंड के आसपास घूमते नजर आए और साउंड चेक की झलक पाने की कोशिश करते रहे। स्टूडेंट्स का कहना है कि मोहित चौहान के गाने न सिर्फ मनोरंजन करते हैं बल्कि तनाव और पढ़ाई के दबाव से राहत भी दिलाते हैं। भीड़ को संभालने के लिए विशेष इंतजाम
आयोजन समिति के अनुसार, आज के कार्यक्रम में हजारों छात्रों के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर अतिरिक्त वॉलंटियर्स, मेडिकल टीम और सिक्योरिटी स्टाफ तैनात किया गया है। नादान परिंदे जैसे सुपर हिट गाने सुनने को मिलेंगे
मोहित चौहान की आवाज में “तुम से ही”, “सड्डा हक”, “नादान परिंदे” और “कुन फाया कुन” जैसे गानों ने पहले ही पीढ़ियों को प्रभावित किया है। अब वही जादू लाइव मंच पर देखने और सुनने के लिए भोपाल के युवा बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। AIIMS के RETINA फेस्ट में मोहित चौहान की परफॉर्मेंस आज की सबसे बड़ी हाईलाइट मानी जा रही है। जैसे-जैसे शाम नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे उत्साह अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है।


