भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की जूडो-कराटे प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की स्कूली छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने कुल 19 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। जिला शिक्षा केंद्र के परियोजना समन्वयक आरआर उइके ने बताया कि प्रतियोगिता में बरखेड़ा हसन, कोठरी, सेमली जदीद के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और जमुनिया टैंक, सिद्दीकगंज, वीरपुर डेम, रेहटी तथा लाड़कुई स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास की छात्राएं शामिल हुईं। इन छात्राओं ने महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब की प्रतिभागियों को कड़ी टक्कर दी। प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं की आशा वंशकार, कक्षा 7वीं की काजल, कक्षा 8वीं की तमन्ना, सपना बारेला, रीमा बारेला, पूर्ति, कक्षा 7वीं की संध्या, कक्षा 6वीं की चमेली और कक्षा 8 की निर्मला ने गोल्ड मेडल जीते। वहीं, विनीता भिलाला, तुलसी, अंकिता, ओमिका एक्के, निकिता बारेला, आयुषी अश्वारे, नेहा, तनिकक्षा और रितु ने सिल्वर मेडल हासिल किए। कक्षा 7वीं की सुनीता बारेला ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। विशेष उपलब्धि के रूप में तनु जाटव, अक्षरा उईके, सपना बारेला, ओमिका एक्के और प्रियांशी मेहरा ने ब्लैक बेल्ट सर्टिफिकेट प्राप्त किया। इसके अलावा, कक्षा 7वीं की महक मालवीय ने राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में तृतीय स्थान हासिल किया।


