भोपाल के नजीराबाद थाना इलाके के खजूरिया जोड़ पर शनिवार को एक कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि बेटे-बहू और नातिन घायल है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अन्य तीन लोग और कार चालक भी घायल है। हादसा उस दौरान हुआ, जब खजूरिया जोड़ पर गांव से आने वाली बाइक अचानक कट प्वाइंट पर मुड़ गई। चार लोग सवार होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई थी। नजीराबाद पुलिस ने कार सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ़्तारी नहीं हो सकी है। एक्सीडेंट में 72 साल के बुजुर्ग की मौत 72 वर्षीय धूरीलाल नजीराबाद स्थित सीतको गांव में रहते थे। शनिवार को वह अपने बेटे, बहू और नातिन के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर नजीराबाद की ओर जा रहे थे। खजूरिया जोड़ पर जैसे ही वह पहुंचे, तो बैरसिया से नजीराबाद की ओर जाने वाली कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, इससे चारों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। सिर पर अधिक चोट लगने के कारण धूरीलाल की मौत हो गई। इस हादसे के बाद अनियंत्रित आगे चल रही बाइक में भी जा घुसी, जिससे उस पर सवार तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।


