भोपाल में दुर्गा प्रतिमा स्थापना जुलूस:अघोरियों की टोली ने ढोल-नगाड़ों पर किया नृत्य; मुंह से आग उगलते कलाकार बने आकर्षण का केंद्र

नवरात्रि पर्व की शुरुआत के साथ शहर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना का सिलसिला जारी है। भोपाल में रविवार रात अलग-अलग इलाकों से भव्य जुलूस निकाले गए, जिनमें श्रद्धालु डीजे की धुनों, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक गीतों पर थिरकते नजर आए। हर तरफ जय माता दी के जयकारों से माहौल गूंज उठा। दस नंबर बस स्टॉप पर निकले जुलूस ने लोगों का खासा ध्यान खींचा। यहां दो अलग-अलग प्रतिमाओं को रंग-बिरंगी लाइटों से सजी झांकियों के साथ लाया गया। इस दौरान अघोरियों की वेशभूषा में सजी एक टोली ने आकर्षक परफॉर्मेंस दी। टोली के कलाकारों ने न सिर्फ ढोल की थाप पर जोरदार नृत्य किया, बल्कि मुंह से आग निकालकर ऐसा रोमांचक नजारा पेश किया कि देखने वाले दंग रह गए। भक्ति गीतों पर थिरकते नजर आए श्रद्धालु रातभर शहर के हर कोने में श्रद्धालु जुलूसों के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं को स्थापित करने पहुंचे। झांकियों में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों को प्रदर्शित किया गया। वहीं भक्तों ने देवी के गीतों पर थिरकते हुए अपनी आस्था व्यक्त की। नगर के कई प्रमुख मार्गों पर जुलूस के चलते देर रात तक भीड़भाड़ रही, लेकिन भक्तों का उत्साह देखने लायक था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *