भोपाल में नए साल के जश्न में हत्या का प्रयास…VIDEO:पटाखे जलाने पर विवाद, अंबेडकर नगर मल्टी में दो गुट भिड़े, आरोपी गिरफ्तार

नए वर्ष का जश्न खुशियों और उत्साह के साथ शुरू होना था, लेकिन भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर नगर मल्टी में यह जश्न हिंसा में बदल गया। बुधवार रात पटाखे जलाने को लेकर दो गुटों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते गंभीर झड़प में तब्दील हो गई। पहले लात-घूंसे चले और फिर डंडे व पत्थर चलने लगे। इस हिंसक झड़प में आधा दर्जन से अधिक युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में गुरुवार सुबह केस दर्ज कर लिया। वहीं, गुरुवार शाम तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पार्टी के बाद आग तापते युवकों से शुरू हुआ विवाद पुलिस के अनुसार, बुधवार रात नए साल की शुरुआत पर अंबेडकर नगर मल्टी में रहने वाला सुमित राउत (20) अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। पार्टी खत्म होने के बाद सुमित और उसके साथी मल्टी के नीचे बैठकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में ही रहने वाले प्रकाश, मनीष, सुनील कुमार, राहुल सिंह और अमित कुमार भी अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद पटाखे जलाने लगे। पटाखे जलाते हुए दूसरा पक्ष सुमित और उसके दोस्तों के पास पहुंच गया। सुमित और उसके साथियों ने उनसे थोड़ी दूरी पर जाकर पटाखे चलाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। शुरुआत में विवाद केवल शब्दों तक सीमित था, लेकिन कुछ ही मिनटों में गुस्सा बढ़ता गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। लात-घूंसे से शुरू होकर डंडे और पत्थर चले आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद और उग्र हो गया। इसके बाद युवकों ने डंडे उठा लिए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में पत्थर भी चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। झड़प के दौरान अंबेडकर नगर मल्टी निवासी जतिन पाठक (20) के सिर में डंडा लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं सुमित राउत को भी डंडे से चोट आई है। इसके अलावा दोनों पक्षों के अन्य युवक भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर घटना की जानकारी मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल युवकों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच शुरू की। हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में केस पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना में इस्तेमाल किए गए डंडे और अन्य सामान को भी जब्त किया गया है। घटना के बाद अंबेडकर नगर मल्टी और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बन गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। यह भी पढ़ें… 534 का नए साल अस्पताल में गुजरा मध्यप्रदेश में 534 लोगों के नए साल की शुरूआत अस्पताल से हुई। इसकी वजह सड़क हादसे और झगड़े रहे। यह आंकड़े एम्बुलेंस 108 ने 1 जनवरी को दोपहर 2 बजे जारी किए। इनके अनुसार मध्यप्रदेश में 31 दिसंबर 2025 की शाम 6 बजे से 1 जनवरी 2026 दोपहर 12 बजे तक 422 सड़क हादसे हुए और 112 लोग लड़ाई-झगड़े में घायल हुए। इन सभी को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *