भोपाल के वीआईपी रोड पर स्प्लेंडर बाइक पर स्टंट दिखाने वाले युवा और किशोरों को तलैया पुलिस ने सबक सिखाया है। पुलिस ने वाहन चालक सहित सभी सात युवा और किशोरों को पकड़ा और उनसे उठक-बैठक लगवाई। ये सातों 21 जनवरी की दोपहर करीब 2 बजे वीआईपी रोड पर स्टंट कर रहे थे। इसकी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक जब्त कर ली है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया था। जिसमें गौहर महल–रेतघाट इलाके में एक ही मोटरसाइकिल पर सात युवक सवार होकर लापरवाही से वाहन चलाते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद थाना तलैया में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और वायरल वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहे चेहरों के आधार पर युवकों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि बाइक चालक आदिल था, जबकि उसके साथ सईद, समीर और चार नाबालिग बालक सवार थे। पुलिस ने सभी को थाने लाकर पूछताछ की। बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन की धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं, नाबालिग पाए गए युवकों को समझाइश देकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने युवकों से उठक-बैठक लगवाकर भविष्य में इस तरह की गलती न दोहराने की चेतावनी भी दी। पुलिस ने कहा
थाना प्रभारी दीपक डहेरिया ने बताया कि वायरल वीडियो में युवकों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे थे, जिससे पहचान में आसानी हुई। वीडियो को वायरल करने वाले व्यक्ति से भी जानकारी ली गई और अलग-अलग इलाकों में तस्दीक के बाद युवकों को पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि गंभीर हादसों को न्योता देती हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है और भविष्य में इस तरह के मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ये खबर भी पढ़िए… ग्वालियर में एक बाइक पर सात नाबालिगों का खतरनाक स्टंट ग्वालियर में एक बाइक पर सात नाबालिगों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। 12 सेकंड के इस वीडियो में नाबालिग तेज रफ्तार में बाइक चला रहे हैं। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो मंगलवार सुबह सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर…


