भोपाल में एक सड़क हादसे में इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में पदस्थ निरीक्षक के बेटे की मौत हो गई। घटना के श्यामला हिल्स इलाके में टीटीटीआई (ट्रिपल टीटीआई) के पास की है। सोमवार दोपहर को बोलेरो की टक्कर से ऑटो पलट गया, जिसमें सवार मां और बेटा सड़क पर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
श्यामला हिल्स थाना प्रभारी भूपेंद्र कौल सिद्दू ने बताया कि बोलेरो के अचानक मोड़ने से टक्कर हुई। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जांच जारी है। ऑटो से शहर की ओर जा रहे थे मां-बेटा
पुलिस के अनुसार, सोमवार करीब साढ़े तीन बजे नेहा पटेरिया अपने चार साल चार महीने के बेटे यशोवर्धन पटेरिया के साथ ऑटो से स्मार्ट सिटी रोड होते हुए शहर की तरफ जा रही थीं। वे 23वीं बटालियन क्षेत्र से सवार हुई थीं। जैसे ही ऑटो टीटीटीआई के सामने पहुंचा, वहीं एक कोरियर कंपनी से अटैच बोलेरो अचानक मुड़ी और सामने से ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो सवार उछल गए
हादसे के बाद नेहा और उनका बेटा ऑटो से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। ऑटो चालक भी बुरी तरह फंस गया, उसे पैर में फ्रैक्चर आया है। आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बच्चे को बचाया नहीं जा सका। नेहा को चोटें आई थी। उन्हें आईसीयू में रखा है, हालत अब स्थिर है। मर्ग के बाद केस दर्ज, चालक गिरफ्तार
श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने सोमवार को मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पीएम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को आरोपी बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। 3 महीने पहले ही हुआ था ट्रांसफर
निरीक्षक सचिन पटेरिया मूल रूप से शिवपुरी जिले के निवासी हैं। वे पहले भोपाल की सातवीं वाहिनी में पदस्थ थे और करीब तीन महीने पहले उनका तबादला इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में हुआ था। परिवार भोपाल में ही रह रहा था। उनकी सात साल की बेटी और चार साल का बेटा यहीं पढ़ाई कर रहे थे। सोमवार दोपहर बेटी के ट्यूशन जाने के बाद नेहा बेटे के साथ ऑटो से पॉलिटेक्निक चौराहे की ओर निकली थीं।


