भोपाल में 17 दिसंबर से लगेगा अंतरराष्ट्रीय वन मेला:जड़ी-बूटियों के लगेंगे स्टॉल; दाल-पानिया, गोंडी जैसी डिशेज का लुत्फ भी उठा सकेंगे

भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 17 दिसंबर से 11वां अंतरराष्ट्रीय वन मेला लगेगा। इसमें 24 राज्य के जड़ी-बूटियों समेत अन्य स्टॉल लगेंगे। वहीं, लोग यहां पर दाल-पानिया, गोंडी जैसी कई डिशेज का लुत्फ भी उठा सकेंगे। मेले में लघु वनोपज एवं औषधीय पौधों के क्षेत्र की गतिविधियों, उत्पादों एवं अवसरों को प्रदर्शित करने एवं इससे जुड़े संग्राहकों, उत्पादकों, व्यापारियों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों, प्रशासकों और नीति निर्धारकों के बीच संवाद स्थापित करने के लिए मंच उपलब्ध रहेगा। वन राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार ने सोमवार को वन मेले के बारे में जानकारी दी। सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे शुरुआत
वन मंत्री अहिरवार ने बताया, वन मेले का शुभारंभ 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस बार मेला ‘समृद्ध वन खुशहाल वन’ की थीम पर हो रहा है, जो 23 दिसंबर तक चलेगा। मेले में 350 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। मेले में प्रदेश के जिला यूनियन, वन, वन धन केंद्र, जड़ी-बूटी संग्राहक, उत्पादक, आयुर्वेदिक औषधि निर्माता, परंपरागत भोजन सामग्री के निर्माता एवं विक्रेतागण अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगे। मेले में 10 शासकीय स्टॉल, 24 अन्य राज्यों के स्टॉल, 16 प्रदर्शनी के स्टॉल, 136 प्राइवेट स्टॉल, 26 फूड स्टॉल, जिनमें अलीराजपुर का दालपुनिया, बांधवगढ़ की गोंडी व्यंजन का स्वाद मिलेगा। इसके अलावा 50 ओपीडी स्टॉल और एक किड्स जोन भी होगा। 200 आयुर्वेद चिकित्स, विशेषज्ञ देंगे परामर्श
वन मंत्री अहिरवार ने बताया, वन मेले में 200 आयुर्वेदिक पद्धति के चिकित्सक एवं विशेषज्ञ नि:शुल्क चिकित्सीय परामर्श देंगे। प्रबंध संचालक राज्य वनोपज संघ डॉ. समिता राजौरा ने बताया, मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। जिसमें ऑर्केस्ट्रा, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य, स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला, फैंसी ड्रेस और गायन के कार्यक्रम होंगे। ये कार्यक्रम होंगे
17 दिसंबर की शाम को परंपरागत नृत्य डिंडौरी की प्रस्तुति होगी। 18 दिसंबर की शाम ऑर्केस्ट्रा अंचल शर्मा ग्रुप की प्रस्तुति दी जाएगी। 19 दिसंबर की शाम विरासत सूफी की म्यूजिकल प्रस्तुति, 20 दिसंबर को ‘एक शाम वन विभाग के नाम’ (फॉरेस्ट मेलोडी) द्वारा सरगम म्यूजिकल ग्रुप, 21 दिसंबर की शाम ख्याति प्राप्त सिंगर नीरज श्रीधर, बॉम्बे वाइकिंग्स की म्यूजिकल प्रस्तुति होगी। वहीं, 22 दिसंबर की शाम को मानसरोवर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और 23 दिसंबर को परंपरागत नृत्य झाबुआ की प्रस्तुति होगी। अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाएं भी होंगे
अहिरवार ने बताया, वन मेले में 19 एवं 20 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के 17, नेपाल के 2 एवं भूटान के एक प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यशाला आईआईएफएम के समन्वय से आयोजित होगी। अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वीएन वीएन अंबाड़े आदि भी मौजूद रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *