मध्य प्रदेश पांचवीं प्रीमियर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का 27वां मैच रविवार दोपहर 2 बजे से खेला गया। बालाघाट के मुलना मैदान में भोपाल लेक सिटी और डायमंड रॉक एकेडमी बालाघाट के बीच मैच ड्रॉ हाे गया। दोनों ही टीमों ने एक-एक गोल किया था, जिससे दोनों को एक-एक अंक दिए गए। मप्र फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव सुनील यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश फुटबॉल प्रीमियर लीग का आयोजन मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ करा रहा है, जिसका रविवार को 27वां मैच खेला गया। इस पूरी प्रतियोगिता में 56 मैच खेले जाने हैं, जिसमें विजेता टीम को इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया प्रतियोगिता के सभी मैच, होम ग्राउंड और अलग-अलग जगह पर होंगे। रविवार को खेले गए मैच में बतौर अतिथि पूर्व नपाध्यक्ष रमेश रंगलानी, सीएसपी वैशाली सिंह, शासकीय अधिवक्ता मदन मोहन द्विवेदी, रोटरी क्लब अध्यक्ष अखिल वैद्य, नपा सभापति संगीता खगेश कावरे, शतरंज संघ अध्यक्ष ऋषभ वैद्य, मोहन आचार्य, लखविंदर भंगल, कुलदीप भंगल, दिलीप राजपूत थे।


