भोपाल से आई स्वास्थ्य विभाग की दो सदस्यीय टीम ने मंगलवार को शाजापुर जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और डॉक्टरों व अधिकारियों के साथ बैठक की। निरीक्षण में कुछ कमियां सामने आईं, जिन्हें सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। टीम में वरिष्ठ संयुक्त संचालक आशा कार्यक्रम डॉ. राकेश बोहरे (OIC) और सामुदायिक प्रक्रियाएं (शहरी स्वास्थ्य) सलाहकार अभिषेक सिंघई शामिल थे। यह टीम 8 से 10 दिसंबर तक देवास, शाजापुर और आगर मालवा जिलों के दौरे पर है। शाजापुर में टीम ने जिला चिकित्सालय के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का भी सुपरविजन किया। डॉ. राकेश बोहरे ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में पहले की तुलना में सुधार देखा गया है। उन्होंने कहा कि जुलाई में हुए पिछले निरीक्षण से बेहतर स्थिति मिली है, लेकिन कुछ कमियों को अभी भी दूर करने की आवश्यकता है, जिसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं।


