मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व के पास टाटरी ग्राम में सोमवार को एक नए हेलीपैड का लोकार्पण किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल और प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने फीता काटकर और पूजन कर इसका विधिवत शुभारंभ किया। इस हेलीपैड से कान्हा आने वाले पर्यटकों को ‘पीएम श्री हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा’ का लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत जबलपुर और बांधवगढ़ के लिए सप्ताह में पांच दिन नियमित हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध होगी। ‘पीएम श्री हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा’ एक किफायती विकल्प है, जिससे कान्हा आने वाले पर्यटकों के समय की बचत होगी। स्थानीय निवासी भी इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। एंबुलेंस सेवा भी मिलेगी इस हेलीपैड का उपयोग ‘पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा’ के लिए भी किया जा सकेगा। यह सेवा आयुष्मान भारत योजना के तहत गंभीर मरीजों को मुफ्त एयर एंबुलेंस सुविधा प्रदान करती है, विशेषकर दुर्घटनाओं या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


