मंडला नगर पालिका उपचुनाव में भाजपा ने सीट बरकरार रखी:कृतिका चौरसिया ने कांग्रेस प्रत्याशी को 280 वोट से हराया

मंडला नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 8 (श्रीराम वार्ड) में हुए पार्षद पद के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सीट बरकरार रखी है। बुधवार को एसडीएम कार्यालय में हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी कृतिका चौरसिया ने कांग्रेस प्रत्याशी ममता मुकेश चौरसिया को 280 मतों के अंतर से पराजित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि उपचुनाव में कुल दो अभ्यर्थी मैदान में थे। भाजपा प्रत्याशी कृतिका चौरसिया को 516 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ममता मुकेश चौरसिया को 236 मत मिले। इसके अतिरिक्त 9 मत नोटा के पक्ष में पड़े। यह उपचुनाव मंडला नगर पालिका के श्रीराम वार्ड की पार्षद ज्योति चौरसिया के निधन के बाद कराया गया था। भाजपा ने दिवंगत ज्योति चौरसिया की पुत्री कृतिका चौरसिया को अपना प्रत्याशी बनाया था, वहीं कांग्रेस ने ममता मुकेश चौरसिया को चुनाव मैदान में उतारा। 29 दिसंबर को हुए मतदान में वार्ड के कुल 1119 मतदाताओं में से 761 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *