मंडला में आयुषी ज्वेलर्स डकैती का 9वां आरोपी गिरफ्तार:जबलपुर से पकड़ाया, 50,000 के चांदी के जेवरात बरामद

मंडला पुलिस को आयुषी ज्वेलर्स डकैती मामले में एक और सफलता मिली है। घटना में शामिल नौवें आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से लगभग 50,000 रुपए मूल्य के चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है। यह वारदात 20 नवंबर की शाम कटरा स्थित आयुषी ज्वेलर्स में हुई थी। नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूटपाट की थी। लूट के दौरान बदमाशों ने दुकान संचालक पर गोली चलाकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चांदी के गहने लेकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीमें गठित कीं। साइबर विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और अंतरजिला तलाशी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने पहले आठ आरोपियों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया था। वारदात में इस्तेमाल की गई कार, मोटरसाइकिल, हथियार और लूटे गए जेवरात भी बरामद किए गए थे। 14 आरोपियों की संलिप्तता पुलिस जांच में कुल 14 आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। इसी क्रम में मंडला पुलिस और साइबर तकनीकी टीम को मिले सुरागों के आधार पर 7 दिसंबर को आरोपी पंकज गौर (24), निवासी जिला रायसेन को जबलपुर से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने डकैती में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी से चांदी के जेवरात (अनुमानित मूल्य ₹50,000) और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को 8 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया गया। आयुषी ज्वेलर्स डकैती और हत्या के प्रयास के इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस शेष पांच फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *