मंडला में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने नए साल पर 14 मेधावी छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। यह कार्यक्रम शुक्रवार को जिला योजना भवन में हुआ। इसका मकसद दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से अध्ययन के लिए आने वाली छात्राओं को सुविधा देना है। क्षेत्रीय प्रबंधक बोले-बैंक अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करता है एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आनंद कुमार ने बताया कि यह पहल दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से स्कूल-कॉलेज आने वाली मेधावी छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय स्टेट बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करता है। बैंक अपने फायदे का एक हिस्सा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत समाज हित में खर्च करता है और साल भर इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करता रहता है। कलेक्टर ने बैंक की पहल की सराहना की इस मौके पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने एसबीआई की इस पहल की सराहना की। छात्राओं ने भी इस कदम को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि पहले वे ऑटो से स्कूल आती थीं, लेकिन अब साइकिल मिलने से उन्हें ऑटो का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीणा, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आनंद कुमार सहित अन्य अधिकारी, छात्राएं और उनके पेरेंट्स उपस्थित रहे।


