मंडला में कड़ाके की ठंड जारी, घना कोहरा छाया:कान्हा के भिलवानी में 6.0, मंडला में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान

मंडला जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सोमवार को कान्हा नेशनल पार्क के भिलवानी में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जिले में सबसे कम रहा। मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। इसके कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कान्हा नेशनल पार्क के अन्य क्षेत्रों में भी शीतलहर का असर देखा गया। सोमवार सुबह कान्हा रेंज में 10.1 डिग्री, किसली में 8.6 डिग्री, सूपखार में 8.4 डिग्री और मुक्की में 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद पर्यटक सफारी का लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं, वनकर्मी बाघों के आकलन कार्य में जुटे हुए हैं। पिछले 15 दिनों से जिले का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। रविवार को मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन भर चली हवाओं के कारण दिन में भी तेज ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, उपोष्ण कटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 120 नॉट्स की कोर हवाओं के साथ उत्तरी भारत के ऊपर बनी हुई हैं। हालांकि, मध्य प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और आगामी दिनों में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। जिले में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान 7 से 8.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है, जबकि अधिकतम तापमान 23.5 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *