मंडला में जनपद उपाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज: शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप, सरपंच ने बम्हनी थाने में की शिकायत मंडला जनपद के उपाध्यक्ष पर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ है। ग्राम पंचायत ग्वारा सरपंच ममता उइके ने बम्हनी थाने में शिकायत की थी कि जनपद उपाध्यक्ष संदीप सिंगौर और एक पंच लेखराम जंघेला ने ग्राम ग्वारा के एक जर्जर स्कूल भवन को प्रक्रिया का पालन किए बिना ही जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर मलबा ले गए। सरपंच की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बम्हनी थाने में दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। ग्राम ग्वारा सरपंच ममता उइके ने अपनी शिकायत में बताया है कि अनुविभागीय अधिकारी और सीईओ जनपद पंचायत मंडला ने जर्जर स्कूली भवनों को नीलामी प्रक्रिया का का पालन करते हुए डिस्मेंटल करने का पत्र जारी किया था। लेकिन जनपद उपाध्यक्ष संदीप सिंगौर और पंच लेखराम जंघेला बिना निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए अवैध तरीके से भवन को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने इसकी सूचना पंचायत को भी नहीं दी। सरपंच ने जनपद उपाध्यक्ष पर मनमाने तरीके से शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करने की मांग की थी। इस शिकायत पर बम्हनी पुलिस ने उपाध्यक्ष और पंच पर धारा 324 (3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि सरपंच को ग्राम पंचायत ग्वारा में जर्जर शासकीय स्कूल भवन को नीलामी प्रक्रिया का पालन कर तोड़ने का आदेश दिया गया था। लेकिन सरपंच का आरोप है कि जनपद उपाध्यक्ष और एक पंच ने बिना शासकीय प्रकिया को अपनाते हुए भवन को तोड़ा है। जिसके आधार पर बम्हनी धाना में मामला दर्जी किया गया है।


