मंडला जिले के गूढ़ा अंजनिया गांव में तेंदुए को फंदे में फंसाने के मामले में वन विभाग ने गुरुवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। मंगल सिंह और नरेश कुमार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपी जेल जा चुके हैं। मंगलवार को एक मादा तेंदुआ गांव की फेंसिंग में लगे फंदे में फंस गई थी। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू कर कान्हा के रेस्क्यू सेंटर में उपचार के लिए भेजा। मौके पर जांच में फेंसिंग में कई और फंदे मिले, जिसके बाद विभाग ने डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की। बिछिया रेंजर अविनाश जैन के अनुसार, मादा तेंदुए के साथ शावक देखे जाने की सूचना मिली थी। तेंदुए के रेस्क्यू के बाद तीन दिन से वन विभाग की टीम शावक की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। मामले की जांच जारी है।


