मंडला में दशहरा चल समारोह गुरुवार शाम से शुरू हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों से दुर्गा प्रतिमाओं के पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहने की संभावना है। प्रतिमा विसर्जन के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। नगर पालिका ने प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नाव घाट और संगम घाट पर विशेष कुंड बनाए हैं। मंडला शहर और आसपास के गांवों से लाई गई दुर्गा प्रतिमाएं नगर भ्रमण के बाद इन्हीं कुंडों में विसर्जित की जा रही हैं। सामान्यतः मंडला नगर की प्रतिमाएं दशहरे के अगले दिन विसर्जित होती हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों से आई प्रतिमाओं का विसर्जन गुरुवार को हो रहा है। प्रतिमा विसर्जन का यह क्रम शरद पूर्णिमा तक चलेगा। नवरात्रि के दौरान बारिश के कारण दर्शनार्थियों की संख्या कम रही थी। हालांकि, गुरुवार को मौसम साफ होने और विसर्जन का अंतिम दिन होने के कारण सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई। इससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। इस अवसर पर दुर्गा समितियों और स्थानीय व्यवसायियों द्वारा जगह-जगह भंडारे की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है।


