मंडला में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में कुल 7 आरोपी हैं। इसमें से 2 नाबालिग हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र की 15 साल की एक किशोरी 26 दिसंबर को घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसी दिन कोतवाली थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने 27 दिसंबर को मुखबिर की सूचना पर बालिका को बरामद कर लिया। किशोरी के बयान 28 दिसंबर को न्यायालय में और 29 दिसंबर को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष दर्ज किए गए। इन बयानों में पीड़िता ने सात युवकों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने दो नाबालिग और तीन बालिग सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। अलग-अलग जगह हुआ दुष्कर्म पुलिस अधीक्षक (SP) रजत सकलेचा ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी किस प्रकार बालिका के संपर्क में आए और दुष्कर्म की वारदातें किन-किन स्थानों पर हुईं, इसकी जांच की जा रही है। घटनाक्रम कई अलग-अलग स्थानों से जुड़ा है और बालिका ने काफी समय तक की आपबीती बताई है। इनमें कुछ आरोपियों के घर और होटल भी शामिल हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और होटलों के रजिस्टर खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के सटीक स्थानों का खुलासा किया जा सकेगा। बालिका के मिलने के स्थान के बारे में पूछे जाने पर एसपी ने कहा कि उसकी पहचान उजागर होने की आशंका के चलते फिलहाल उस जगह का खुलासा करना उचित नहीं होगा।


