मंडला जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कान्हा नेशनल पार्क के फेन अभ्यारण्य में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो जिले में सबसे कम रहा। सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखा गया। पिछले एक सप्ताह से जिले का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे तीव्र ठंड महसूस की जा रही है। बुधवार को मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। कान्हा नेशनल पार्क में भी अत्यधिक ठंड पड़ रही है। सोमवार सुबह कान्हा का तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस था। पार्क के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जिसमें भिलवानी में 6.6 डिग्री सेल्सियस, सूपखार में 7.4 डिग्री, बम्हनी मट्टा (फेन) में 6.2 डिग्री और मुक्की में 9.8 डिग्री सेल्सियस शामिल है। इस कड़ाके की ठंड के बावजूद पर्यटक सफारी का आनंद ले रहे हैं। तापमान में गिरावट और हल्की हवा के कारण दिन के समय भी ठंड का अहसास हो रहा है, जो शाम ढलते ही और बढ़ जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव अपेक्षित नहीं है। पूर्व और उत्तर पूर्व भारत के ऊपर करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 222 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। हालांकि, मध्य प्रदेश के ऊपर मौसम साफ बना हुआ है और आगामी 3-4 दिनों में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। जिले में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया है। 10 दिसंबर को न्यूनतम 7.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 28.59 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 9 दिसंबर को न्यूनतम 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले कुछ हफ्तों में तापमान में लगातार गिरावट आई है, जिससे ठंड बढ़ी है।


