मंडला जिले की अंजनिया पुलिस चौकी ने 20 लाख रुपए से अधिक का गांजा बरामद किया है। यह गांजा पुलिया के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था, जिसे राजस्थान पुलिस से मिले सुराग के बाद जब्त किया गया। कुल 40 किलो से ज्यादा वजन का यह गांजा ट्रक ड्राइवर ने पकड़े जाने के डर से रास्ते में ही फेंक दिया था। राजस्थान पुलिस के इनपुट पर हुई कार्रवाई चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टीम (ANTF) को एक ट्रक में अवैध गांजा ले जाने की खबर मिली थी। राजस्थान के झालावाड़ जिले में जब ट्रक (नंबर RJ06-GB-5152) को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें कुछ नहीं मिला। इसके बाद जब पुलिस ने ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया। ड्राइवर ने बताया कि वह ओडिशा से राजस्थान गांजा लेकर जा रहा था, लेकिन पुलिस की चेकिंग के डर से उसने मंडला के अंजनिया क्षेत्र में ही माल छिपा दिया था। झाड़ियों में छिपाई थीं गांजे की बोरियां राजस्थान पुलिस से जानकारी मिलते ही अंजनिया पुलिस टीम ने बताए स्थान पर दबिश दी। पुलिस ने मटरू ढाबा के पास एक पुलिया के समीप झाड़ियों की तलाशी ली, जहां बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा मिल गया। वजन करने पर यह कुल 40 किलो 38 ग्राम निकला, जिसकी बाजार में कीमत 20 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में राजस्थान रवाना हुई पुलिस गांजा छिपाने वाले आरोपी ट्रक ड्राइवर राजेंद्र (58) राजस्थान के बारां का रहने वाला है। अंजनिया पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए राजस्थान रवाना हो गई हैं। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण शर्मा, राजेश सराठे और उनकी टीम के साथ राजस्थान पुलिस के आरक्षक इंदर शेखावत की मुख्य भूमिका रही।


