गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में मरवाही विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सभी पांच भाजपा मंडलों के अध्यक्षों का चुनाव कर लिया गया है। वहीं मरवाही दक्षिण के चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की भी खबर सामने आई है। दरअसल, मरवाही दक्षिण मंडल में हेमचंद मराबी को मंडल अध्यक्ष चुना गया। लेकिन बीजेपी के कुछ नेताओं का आरोप है कि संगठन ने चुनाव के दौरान अन्य दावेदारों को नकार दिया और मनमाने तरीके से हेमचंद मरावी को मंडल अध्यक्ष बनाने की घोषणा कर दी। हेमचंद मराबी को मंडल अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी दिखाई। इस दौरान आपसी विवाद एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं अन्य जगहों की बात करें तो पेंड्रा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के लिए रामकुमार पुरी, सेमरा मंडल में अजय तिवारी, मरवाही उत्तर में कमलेश यादव, मरवाही मध्य मंडल की कमान अजय रजक को मिली। संगठन स्तर पर अंतिम रूप से नव निर्वाचित मंडल अध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई है।


