मंडी के बल्ह क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते खौफ के बीच ग्राम पंचायत भड़याल के ग्रामीणों ने काढ़ीतारापुर बस सेवा शुरू करने की मांग की है। शनिवार को महिला मंडल ने जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा के नेतृत्व में उपायुक्त मंडी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि भड़याल पंचायत का यह गांव जंगल से घिरा एक दुर्गम क्षेत्र है। हाल ही में हुए तेंदुए के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। हालांकि उस तेंदुए को मार गिराया गया है, लेकिन क्षेत्र में अन्य तेंदुए भी देखे गए हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। महिला मंडल के सदस्यों ने बताया कि गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए रोजाना लगभग आठ किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। जंगल के रास्ते से होकर स्कूल जाना बच्चों के लिए बेहद जोखिम भरा है, जिससे अभिभावक लगातार चिंतित रहते हैं। गांव में बस सेवा की कोई सुविधा नहीं है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में बसें चल रही हैं। बच्चों को स्कूल भेजना सुरक्षित नहीं महिला मंडल ने प्रशासन से आग्रह किया है कि काढ़ीतारापुर क्षेत्र के लिए शीघ्र बस सेवा उपलब्ध करवाई जाए। इससे बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन सुरक्षित हो सकेगा। उनका कहना है कि बस सेवा शुरू होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा ने भी क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते खौफ पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पैदल स्कूल भेजना सुरक्षित नहीं है और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।


