हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। यहां के गांव नेहरा के रहने वाले 43 वर्षीय व्यक्ति की राइफल से चली गोली लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह अपने घर के पास बंदरों को भगाने के लिए राइफल लोड कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान खूब सिंह पुत्र शोभा राम के रूप में हुई है। वह गांव नेहरा तहसील सदर, जिला मंडी के निवासी थे। मृतक लेबर का काम करते थे। बंदरों को भगाने की तैयारी कर रहा था मृतक एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खूब सिंह बंदरों को भगाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान राइफल लोड करते समय गलती से गोली चल गई। पुलिस ने क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को घटनास्थल पर बुलाया है। मृतक का पोस्टमार्टम किया जाएगा। फोरेंसिक जांच और शव परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।


