मंडी पुलिस ने धनोटू के पास से नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के दौसा जिले के सिकराई तहसील के भंडारी गांव निवासी गौरव कुमार (21) और लोकेश कुमार (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने धनोटू थाने में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ये लोग कब से इस धंधे में शामिल थे। उन्होंने बताया कि मंडी पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


